स्वास्थ्य: रतलाम को मिलेगी तीन सोनोग्राफी मशीने
संचालनालय स्वास्थ्य सेंवाएं ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने मांगे पी.सी.पीएन.डी.टी प्रमाणपत्र

रतलाम। संचालनलाय स्वास्थ्य सेंवाएं रतलाम को तीन सहित प्रदेश के जिला अस्पतालों और सिविल हास्पीटलों को 122 पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीने उपलब्ध करा रहा है। रतलाम के जिला अस्पताल, सिविल हास्पीटल जावरा व आलोट को एक-एक मशीन उपलब्ध कराई जाएगी।
आयुक्त स्वास्थ्य सह सचिव डाँ.सुदामा खाड़े द्वारा जारी निर्देश में बताया गया है कि रतलाम सहित प्रदेश के विभिन्न चिकित्सालयों में उपयोग के लिए पोर्टेबल अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन सम्पूर्ण काया कल्प अभियान के तहत राज्य स्तर से उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया प्रचलन में है। इस मामले में निविदा संबधी प्रक्रिया लगभग पूर्ण कर ली गई है। सोनोग्राफी मशीन हेतु चयन किए जाने के लिए मेसर्स सिंकों इंडिया इन्दौर फर्म है।
मशीन उपलब्ध कराए जाने से पहले सभी सीएमएचओं को निर्देशित किया गया है कि पी.सी.पीएन.डी.टी प्रमाणपत्र तैयार कर संबधित फर्म व विभाग को आगामी सात दिनों में उपलब्ध कराए।
बताया जाता है कि मातृ एवं शिशु सुरक्षा सहित अन्य गंभीर रोगों से ग्रस्त रोगियों की जांच के लिए समय-समय पर अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन की जरुरत पड़ती है। मौजूदा स्थिति में इन मशीनों की संख्या रोगियों की बढ़ती संख्या की तुलना में कम है, ऐसे में इन मशीनों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
उज्जैन संभाग के नीमच, रतलाम, शाजापुर उज्जैन सहित अन्य जिलों में 15 अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीने उपलब्ध कराई जा रही है।
