सरकारी सडक़ पर कुत्तों के लिए बनाया घर, टीम गई तो कुत्तई पर उतर आया परिवार

रतलाम
शहरवासी आवारा श्वानों से परेशान होकर हर दिन इनके हमले का शिकार हो रहे है। ऐसे ही एक मामले की शिकायत आज कस्तुरबा नगर क्षेत्र से आई तो श्वान बधियाकरण करने वाली टीम मौक पर पहुची थी। मगर वहां रहने वाले परिवार ने इस टीम के साथ अभद्रता करते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुचाई है। इस परिवार ने सडक़ पर अतिक्रमण कर श्वानों के लिए घर भी बना रखे है।
मिली जानकारी के अनुसार सीएम हेल्प लाईन पर हुई शिकायत का निराकरण करने के लिए निगमकर्मी और फ्रेंडिकोस संस्था के कर्मचारी कस्तुरबा नगर स्थित पानी की टंकी के पास पहुचे थे। यह कुत्तों को बधियाकरण के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे तभी इसी क्षेत्र में रहने वाले राजेश उनकी दोनों पुत्रियां तथा धर्मद्र सहित अन्य व्यक्तियों द्वारा शासकीय टीम को अपना कार्य नहीं करने दिया गया। उक्त व्यक्तियों ने टीम के सदस्यों के साथ अभद्र भाषा एवं गाली-गलौज की, शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की तथा टीम के एक सदस्य का मोबाइल फोन छीनकर उसमें मौजूद वीडियो को डिलीट कर दिया।
घटना के दौरान स्थिति तनावपूर्ण होने पर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को मौके पर बुलाया गया, किंतु उनके समक्ष भी संबंधित व्यक्तियों द्वारा हंगामा एवं शोर-शराबा किया जाता रहा तथा शासकीय कार्य में लगातार व्यवधान उत्पन्न किया गया। मामले की शिकायत थाना औधोगिक क्षेत्र पर की गई है।
