गांधी नगर में शराब दुकान: सडक़ पर विरोध करने उतरे रहवासी

रतलाम। शराब दुकानों और ठेकों की नई पारी आगामी अप्रेल माह से शुरु हो जा रही है और इसकी के साथ ही शहर सहित आसपास के इलाकों में शराब के ठेकों के ठिकाने भी इधर उधर बदलेगे। इसी के चलते शहर के गांधी नगर इलाके में शराब दुकान खुलने की तैयारी को देखते हुए इस क्षेत्र के रहवासियों ने सडक़ पर विरोध शुरु कर दिया है। बुधवार को इन्होने कलेक्टर के साथ ही केबिनेट मंत्री व नगर विधायक को भी ज्ञापन के माध्यम से अपना विरोध जताया है।
गांधीनगर के रहवासियों का कहना है कि आबकारी विभाग नए सत्र के ठेके आंवटन में देशी-विदेशी कम्पोजिट मदिरा दुकान की गांधी नगर में खोलने जा रहा है। जहां ये शराब दुकान खोली जा रही है वहां का पूरा इलाका आवासीय है। इस दुकान से मजह 100 मीटर की दूरी पर देवरा देवनारायण ट्रस्ट का बड़ा मंदिर है, वही इतनी ही दूरी पर रेलवे अस्पताल है। रहवासियों का कहना है कि अगर इस क्षेत्र में शराब की दुकान खुलती है तो यहां की शांति भंग होना तय है।
गांधीनगर के रहवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में दुकान नही खुलने दी जाए, और अगर इस लिखित सूचना के बाद भी दुकान खुलती है तो रहवासी उग्र आंदोलन करेगे, जिसकी जवाबदारी जिला प्रशासन की रहेगी।
