Uncategorized

टेलीफोन कंपनी का ठेका नही मिला तो लाखों की केबल काट दी, 12 गांवों की व्यवस्था हुई प्रभावित

रतलाम
मोबाईल कंपनी से जुड़े ठेके की मांग कर कंपनी के जिम्मेदारों को लगातार धमकी देते आ रहे दो बदमाशों ने बीते दिनों रिलायंस जियों कंपनी से जुड़ी लाखों रुपए की केबल जगह जगह से काट दी। मामले की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ कायमी की है।
मिली जानकारी के अनुसार कंपनी के सुपर वायजर तरविन्द्रसिंह राठोर निवासी अलकापुरी ने बिलपांक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि रिलायंस जियो इन्फोकम लिमिटेड भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा प्रदत्त यूनिफाइड लाइसेंस के अंतर्गत दूरसंचार सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी है। उक्त कंपनी मध्य प्रदेश सहित संपूर्ण भारत में दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध करा रही है तथा जनसंचार, आपातकालीन सेवाओं, कानून-व्यवस्था एवं भारत सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
करीब डेढ़ माह पूर्व वीरेंद्र चौधरी द्वारा कंपनी के एनएलडी कंस्ट्रक्शन एरिया मैनेजर शुभकांत चौधरी फोन पर यह धमकी दी गई थी कि यदि उन्हें कंपनी का ठेका नहीं दिया गया तो वे रिलायंस जियो की फाइबर केबल काट देंगे। और कम्पनी को रतलाम मे काम नही करने देंगे। इसी धमकी के चलते गत दिवस बिलपांक क्षेत्र में स्थित बिलपांक फंटा पर रिलायंस जियो की भूमिगत फाइबर ऑप्टिक केबल को वीरेंद्र चौधरी एवं आनंद चौधरी द्वारा जानबूझकर काट दिया गया, जिसके कारण दूरसंचार सेवाएं गंभीर रूप से बाधित हो गईं।
वीरेंद्र चौधरी एवं आनंद चौधरी द्वारा जानबूझकर विभिन्न स्थानों पर रिलायंस जियो की फाइबर ऑप्टिक केबल काटी गई, जिसके कारण जिले के 12 स्थानों पर दूरसंचार सेवाएं प्रभावित हुईं। घटनास्थल निम्नानुसार हैं :1. बिलपांक थाना बिलपांक,2. रेलवे क्रसिंग, बांगरोद थाना बांगरोद,3. रेलवे अंडरपास, बांगरोद थाना बांगरोद,4. रेलवे अंडरपास, बांगरोद थाना बांगरोद,5. मेवासा, जावरा रोड के पास थाना नामली, 6. मेवासा, पुलिया के पास थाना नामली,7. मेवासा, टावर के पास थाना नामली,8. धामनोद थाना सैलाना,9. सरवन, पुलिया के पास थाना सरवन,10. सरवन ग्राम थाना सरवन,11. शिवगढ़, 8-लेन क्रसिंग के पास थाना शिवगढ़,12. शिवगढ़, पहाड़ी के पास थाना शिवगढ़, यह उल्लेखनीय है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी उक्त व्यक्तियों द्वारा रिलायंस जियो की फाइबर ऑप्टिक केबल को जानबूझकर क्षति पहुंचाई गई थी, जिसके संबंध में थाना औद्योगिक क्षेत्र, रतलाम में अपराध पंजीबद्ध है।
उक्त दोनो व्यक्तियो का कृत्य देश की महत्वपूर्ण दूरसंचार संरचना एवं सार्वजनिक संचार व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। इन आपराधिक कृत्यों से कंपनी को भारी आर्थिक क्षति हुई है तथा आम नागरिकों, शासकीय विभागों एवं आपातकालीन सेवाओं की संचार व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। यह कृत्य दूरसंचार अधिनियम, 2023, भारतीय न्याय संहिता, 2023 एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। इस घटना के कारण लगभग 4 से 5 घंटे तक दूरसंचार सेवाएं बाधित रहीं, जिससे जिले के अधिकांश क्षेत्रों में नेटवर्क सेवा प्रभावित हुई तथा आम नागरिकों एवं शासकीय संस्थाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने उक्त शिकायत पर से वीरेन्द्र और आंनद के खिलाफ कायमी की है।

Related Articles

Back to top button