Product by Red Chilis

करोड़ों में बिका रतलाम का एमपी-43 फूड प्लाजा

रतलाम
शहर के खानपान शौकीनों के लिए इन्दौर की 56 दुकानों की तर्ज पर निर्मित रतलाम का एमपी-43 फूड प्लाजा करोड़ों में बिका है। इसी तरह अमृत सागर तालाब के निकट निर्मित 7 दुकान फूड प्लाजा की सभी दुकाने बिक चुकी है।
निगम सूत्रों के अनुसार लोकेन्द्र भवन रोड़ स्थित नगर निगम द्वारा एमपी-43 का निर्माण किया गया है। जिसमें 43 दुकानों की नीलामी ई निविदा के माध्यम से की गई थी। गत 13 अगस्त को नीलामी की तारिख समाप्त होने के बाद पता चला कि यहां 43 में से 38 दुकानों को खरीदार मिल चुके है। इसी तरह अमृत सागर तालाब स्थित 7 दुकान फूड प्लाजा की सात ही दुकाने बिक चुकी है। यहां की एक दुकान के लिए 17 लोगों ने निविदा भरी है। नगर निगम प्रशासन निर्धारित प्रक्रिया के तहत निविदाओं को खोल कर पात्र आवेदकों को इन दुकानों का आंवटन देगा। बताया जाता है कि निविदा के दौरान दुकानों का मूल्य 21 से 23 लाख रुपए प्रति दुकान रखा गया था, मगर शहर के व्यापारियों ने निविदा में बढ़चढ़ कर राशि जमा कराई है। निगम ने इस फूड प्लाजा को लगभग 3करोड़ 50 लाख की राशि से निर्मित कराया है। वही निगम को इस मार्केट से लगभग 11 करोड़ रुपए की आय होना संभावित है।
एमपी-43 फूड प्लाजा रतलाम के लोकेन्द्र भवन रोड (लाड़ली लक्ष्मी पथ) पर स्थित एक नवनिर्मित आधुनिक फूड जोन है। इंदौर की प्रसिद्ध 56 दुकान की तर्ज पर बने इस लक्जरी फूड प्लाजा में खाने-पीने के व्यवसाय के लिए कुल 43 आधुनिक फूड स्टॉल और दुकानें बनाई गई हैं, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरु की गई थी, जिसकी समय सीमा गुरुवार को समाप्त हो चुकी है। यहां आए ग्राहकों और दुकानदारों के लिए व्यवस्थित आधुनिक प्लेटफॉर्म व पार्किंग क्षेत्र सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
महापौर प्रहलाद पटेल ने नगर निगम परिषद के माध्यम से इस प्रोजेक्ट पर विशेष रुचि दिखाई थी और शहरवासियों को खानपान मार्केट की एक व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया था, वो लगभग पूरा होने जा रहा है।

Related Articles

Back to top button