क्राइम

बाईक की टक्कर से हुई थी करण गुजराती की मौत

रतलाम
शहर के आमलिया भेरु मंदिर के समीप रहने वाले करण गुजराती की मौत के मामले में पुलिस ने एक बाईक सवार के खिलाफ कायमी की है। करण की मौत के बाद इसके परिजनों ने सैलाना रोड़ पर चक्काजाम करते हुए इसे मारने का आरोप लगाया था।
मिली जानकारी के अनुसार 7 जून की रात लगभग 10 बजे जावरा रोड़ स्थित पहलवान बाबा की दरगाह के समीप मृतक करण गुजराती अपनी मोटर साईकल एमपी-43 ईबी 5481 पर सवार होकर जावरा फाटक तरफ से जावरा की तरफ जा रहा था इसी दौरान इसके पीछे से मोटर साईकल क्रमांक एमपी-14 एम 3549 के चालक ने तेजी से बाईक चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी थी। चश्मदीद गवाह के अनुसार इस टक्कर के बाद करण सडक़ पर गिर कर तड़प रहा था इसके सिर से खून बहने लगा था। यहां आसपास के लोगों ने एम्बूलेंस के माध्यम से इसे मेडिकल कालेज अस्पताल भिजवाया था, जहां चिकित्स ने परीक्षण कर इसे मृत घोषित किया था। पुलिस ने बाईक नम्बर एमपी-14 एम 3549 के चालक के खिलाफ धारा 106 में कायमी की है।
गौरतलब है कि महू-नीमच रोड स्थित पहलवान बाबा की दरगाह के पास हुए बाइक हादसे में घायल करण की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे दिन सुबह गुस्साए परिजनों ने सोमवार दोपहर सैलाना बस स्टैंड स्थित चेतक ब्रिज पर हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सडक़ पर बैठकर चक्काजाम कर दिया था। इस समय पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि जो भी आरोपी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिस व्यक्ति पर संदेह है, उसके संबंध में लिखित शिकायत दें। इसके बाद परिजन शांत हुए और थाने से लौट गए थे। मृतक कबाड़े का काम करता था। उसके चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे हैं।

Related Articles

Back to top button