ट्रेन से महिला यात्री के डेढ़ लाख के आभूषण चोरी हुए

रतलाम
मेघनगर, इन्दौर, उज्जैन और रतलाम के रास्ते गुजने वाली टे्रनों में सक्रिय चोर गिरोह ने अब नीमच को भी अपना ठिकाना बना लिया है। बीते दिनों हैदराबाद निवासी परिवार की महिला यात्री का हैंडबेंग अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। इस बेंग में सोने चांदी के आभूषण के साथ ही हजारों रुपए नकदी भी रखे हुए थे। नीमच जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मनीराम पिता ओंकारमल निवासी हैदराबाद ने शिकायत दर्ज कराई है कि अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ नवलगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेन संख्या 17296 काकीनाडा टाउन वीकली एक्सप्रेस से सिकंदराबाद के लिए रवाना हुए थे। उक्त टे्रन में कोच बी -1 में बर्थ संख्या 49, 50 और 52 आरक्षित थी। ये सभी रात लगभग 11.55 बजे यात्रा के दौरान वे सो गए। उस समय उनकी पत्नी सुप्यार देवी ने अपना हैंडबैग सिर के पास रखा और बर्थ नंबर 52 पर सो रही थी। जब ट्रेन नीमच रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी, उनकी पत्नी नींद से जाग उठीं और देखा कि उनका हैंडबैग गायब है। उन्होंने तुरंत पूरे कोच में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।
मनीराम के अनुसार चोरी हुए हैंडबैग में 25 ग्राम वजन का सोने का हेयर ब्रोच, 1 ग्राम वजन की सोने की नोज पिन (कुल सोने का वजन 26 ग्राम), 120 ग्राम वजन की चांदी की दो जोड़ी पायल और 12 ग्राम वजन की चांदी की चार अंगूठियां (कुल चांदी का वजन 132 ग्राम), रेडमी (क्रीम रंग का) मोबाइल फोन और 40,000 रुपये नकद थे। कुल मिलाकर 1,48,000 रुपये का सामान चोरी हुआ। चोरी की इस वारदात के बाद इस परिवार ने अपनी यात्रा जारी रखी और सिकंदराबाद स्टेशन पहुच कर पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। चूंकि मामला नीमच स्टेशन का है, इसलिए मामले की जांच नीमच जीआरपी करेगी।
पुलिस को शिकायतकर्ता के बयान और ट्रेन के समय सारिणी के आधार पर यह पता चला है कि यह वारदात सुबह लगभग 04/00 बजे, ट्रेन संख्या 17296 काकीनाडा टाउन वीकली एक्सप्रेस के बी-1 कोच में घटी थी, उस समय ट्रेन नीमच रेलवे स्टेशन पर थी। 
