रतलाम के घरों में लिफ्ट लगाने के नाम पर लाखों की ठगी कर गया इन्दौर का व्यापारी

रतलाम
शहर के पोरवाड़ों का वास में रहकर नाहरपुरा में अश्विन टेलीकाँम के नाम से मोबाईल रिपेयर की दुकान चलाने वाले व्यापारी के मकान में लिफ्ट लगाने के नाम पर इन्दौर के व्यक्ति ने तीन लाख रुपए से ज्यादा की ठगी की है। फरियादि के अनुसार इन्दौर का यह व्यक्ति पूर्व में भी रतलाम के कई लोगों को लिफ्ट लगाने के नाम पर ठग चुका है।
फरियादी के अनुसार इसने वर्ष 2024 में नाहरपुरा स्थित इसकी दुकान के उपरी हिस्से में मकान का निर्माण करवाया था, जिसमें उपरी फ्लोर पर जाने के लिये लिफ्ट की आवश्यकता होने से इसने इन्दौर की केन्स एलेवेटर्स एण्ड इंजीनियर्स प्रायवेट लिमिटेड के प्रो.प्रा. मनीष पिता सत्यनारायण गुप्ता से संपर्क किया था। जिस पर मनीष गुप्ता ने दुकान पर आकर लिफ्ट लगाने के बदले 7 लाख 20 हजार रुपए की मांग की थी।
कुछ समय बाद मनीष गुप्ता ने लिफ्ट लगाने के पहले एडवांस रुपए मांगे तो फरियादी ने अपने पिता अनोखीलाल मूणत के खाते से 3,54,000 रूपये केन्स एलेवेटर्स एण्ड इंजीनियर्स प्रायवेट लिमिटेड के येस बैंक के खाता क्रमांक में ट्रांसफर किए थे।
रुपए देने के बाद मनीष गुप्ता को कई बार मेरे द्वारा फोन किए जाने व दुकान में लिफ्ट लगाने का बोला लेकिन मनीष गुप्ता द्वारा मेरी दुकान में ना तो लिफ्ट लगवाई और न ही मेरे रूपये वापस कर रहा है, मनीष गुप्ता ने अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से फरियादी के साथ लिफ्ट लगवाने के नाम से 3,54,000 रूपये की धोखाधड़ी की है।
इधर फरियादी श्रीमूणत ने जब शहर के अन्य लोगों से मनीष गुप्ता के बारे में जानकारी हासिल की तो पता चला कि यह रतलाम शहर के मनोज गुप्ता निवासी शास्त्री नगर, निलेष चाणोदिया निवासी नौलाईपुरा, लोकेश व्यास निवासी सखवाल नगर, मयंक पाठक निवासी पैलेस रोड़, मनोज परमार मेसर्स गरबा टेक्सटाईल्स शहर सराय, अनिल मूणत निवासी जैन कालोनी, जयंत जैन निवासी हनुमान रूण्डी, तुषार पोरवाल निवासी पोरवाड़ो का वास, आयुष कोठारी निवासी चौमुखी पुल रतलाम के साथ भी लिफ्ट लगाने के नाम पर धोखाधड़ी कर चुका है। फरियादी ने संबधित थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए मनीष गुप्ता पर कार्रवाई की मांग की है।
