जाँली एलएलबी-2: मर चुके आदमी के हमशक्ल ने बेच दी करोड़ों की जमीन

फिल्म ‘जॉली एलएलबी-2’ फिल्म देखकर कुछ बदमाशों ने योजना बनाई और 21 साल पहले मर चुके एक व्यक्ति की 10 बीघा जमीन को हथियाने के लिए मृतक का एक हमशक्ल तैयार कर उसके फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और जमीन को हथिया कर इसे बेच दी। कुछ समय बाद मृतक की बेटी को मामले की जानकारी मिली तो उसने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए योजना बनाई और अपराधियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार मामला बरेली के बिहारीपुर इलाके का है, जहां 21 साल पहले संतोष टंडन नामक व्यक्ति की बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी. संतोष टंडन का परिवार 2003 में लखनऊ शिफ्ट हो गया था और उनके पास फरीदापुर चौधरी में दस बीघा ज़मीन थी। उनकी मौत के बाद भी उनकी ज़मीन की खतौनी में उनका नाम दर्ज था. जब जमीन पर कब्जा करने वाले गिरोह को यह जानकारी मिली, तो उन्होंने जाँली एलएलबी-2 फिल्म से प्रेरित होकर एक नकली संतोष टंडन तैयार किया और उसके नाम से कूटरचित दस्तावेज़ तैयार किए।
बदमाशों ने इधर उधर ढूंढ कर ऐसे व्यक्ति की तलाश की, जो पूरी तरह से संतोष टंडन की तरह दिखने वाला हो इनकी तलाश पूरी हुई और इस हमशक्ल के दस्तावेज तैयार कराए और जमीन को ठिकाने लगा दिया। मामले की जानकारी जब असल संतोष की बेटी प्रियंका को लगी तो उसने बीते नवम्बर 2024 को पुलिस को शिकायत दर्ज कराई, प्रियंका टंडन की शिकायत को गंभीरता से लेेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने इस मामले में बब्लू कश्यप, ख्वाजुद्दीन और नकली संतोष टंडन (राजू उर्फ राजदीप) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बड़ी ही चतुराई से इस प्रकरण को हल किया है। इन दिनों इस प्रकरण का पटाक्षेत्र काफी चर्चा में बना हुआ है।

