भगवा रंग में हिन्दू लिखे बोलेरों पिकअप वाहन से 8 लाख का डोडा चूरा बरामद

रतलाम
जिले की ताल थाना पुलिस ने एक बोलेरों पिकअप वाहन से लगभग आठ लाख रुपए कीमत का डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन का चालक फरार होना बताया जाता है जिसकी तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ताल फंटा पहुच कर आलोट जाने वाले रास्ते पर बेरीगेट्स लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बगैर नम्बर की बोलेरों पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस की चेकिंग देख चालक ने वाहन को रोड़ के किनारे उतार लिया और कच्चे रास्ते से आलोट की तरफ भागने लगा। पुलिस ने भी अपने वाहन से इसका पीछा किया तो आरोपित ग्राम भुतिया के निकट अंधेरा का लाभ उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी बिना नम्बर की पिकअप गाडी के ड्रायवर के विरूद्ध अपराध धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध किया है।
पुलिस ने जब बोलेरों पिकअप वाहन की तलाशी ली तो इसमें रखे प्लास्टिक के दस अलग अलग बोरों में लगभग 150 किलोग्राम से ज्यादा डोडाचूरा बरामद हुआ है जिसकी कीमत 8 लाख रुपए से ज्यादा बताई जाती है। 10 प्लास्टिक के बोरो मे भरे डोडाचुरा का पृथक पृथक वजन करते डोडाचुरा का वजन 19.400, 15.900, 14.300, 15.500, 15.600, 18.500, 11.700, 18.400, 18.400, 18.450 किलोग्राम कुल वजन 166.15 किलोग्राम बोरो सहित बरामद किया है। ये सभी बोरे रस्सी और साडिय़ों के कपड़ों से बंधे पाए गए है।
बरामद किए गए वाहन पर सांवरिया सरकार और ठाकुर के साथ ही भगवा रंग मे हिन्दु लिखा पाया गया है। वाहन की तलाशी के दौरान इसमें से कृषि उपज मण्डी समिति भवानीमण्डी की तोल पर्ची जिसमे सुरेन्द्रसिह, बलेसिह, अमित आदि लिखा हुआ है और धरमकांटा की तोल पर्ची भी मिली है।
