Product by Red Chilis

जनगणना 2027: 20 दिन में 100 प्रतिशत पूरी करना होगी मैदानी गणना

रतलाम
कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती मिशा सिंह द्वारा जनगणना कार्य का दायित्व संभाल रहे अमले को निर्देश दिए है कि 1 से 20 मई तक गणना कार्य को शत प्रतिशत पूरा किया जाना है।
जनगणना 2027 अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना संबंधी कार्य 01 मई से 30 मई तक जिले में किया जाएगा। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से संपादित किया जाना सुनिश्चित किया जाना है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती मिशा सिंह द्वारा जारी आदेशानुसार मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए उक्त कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के 01 से 30 मई तक सभी प्रकार के अवकाश प्रतिबंधित रहेंगे।
कलेक्टर ने इस कार्य के लिए दिन व समय भी निर्धारित कर दिए है। जिसके अनुसार जनगणना मैदानी कार्य के लक्ष्य अनुसार आगामी 5 मई तक 10 प्रतिशत गणना कार्य किया जाना है। इसी तरह 10 मई तक 40 प्रतिशत, 15 मई तक 80 प्रतिशत और 20 मई तक 100 प्रतिशत गणना की जाना है। इसके बाद के बचने वाले दस दिन यानि 21 से 30 मई तक गणना के दौरान ताला लगा, यात्रा पर गए आदि कारणों से बंद मिले घरों का पुन: सर्वे आदि कार्य किया जाएगा। इस दौरान अवकाश पर प्रतिबंध रहेगा, रिजर्व अमला भी शामिल है, कोई अवकाश स्वीकृत नहीं किए जाएंगे।
जनगणना-2027 के तहत जिले में 01 से 30 मई तक मकान सूचीकरण कार्य किया जायेगा। इस बार की जनगणना की सबसे खास बात इसका पूरी तरह से डिजिटल होना है। मकान सूचीकरण का कार्य पेपर फॉर्म के बजाय मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए डेटा फीड करेंगे, जिससे जानकारी सटीक रहेगी और गणना कार्य में तेजी आएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जब प्रगणक आपके घर आएं, तो उन्हें सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। सभी प्रगणकों के पास आधिकारिक पहचान पत्र होगा, जिसे नागरिक अपनी संतुष्टि के लिए देख सकते हैं।
क्या पूछा जावेगा
मकान सूचीकरण कार्य में शासन की ओर से अधिकारीगण आपके घरों पर उपस्थित हो कर कुछ सामान्य जानकारियां आपसे प्राप्त करेंगें। जैसे कि आपका भवन कैसा है, परिवार में कितने सदस्य हैं, परिवार के मुखिया का नाम, नल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, शौचालय/बाथरूम, गैस कनेक्शन, रेडियो/टीवी, कैबल कनेक्शन, साईकिल/मोटर साईकिल/कार, खाया जाने वाला मुख्य अन्न, आपका मोबाईल नम्बर आदि जानकारी लेंगे।
क्या नहीं पूछा जावेगा
जिले में 01 से 30 मई तक किये जाने वाले मकान सूचीकरण कार्य में आधार कार्ड नम्बर, पैन कार्ड नम्बर, बैंक की जानकारी तथा किसी भी प्रकार का ओ.टी.पी. नहीं मांगा जायेगा। जानकारी देते समय अत्यधिक सावधानी बरते तथा आने वाले अधिकारी का पहचान पत्र जरूर चैक कर लेवे।

Related Articles

Back to top button