रिश्वतखौर पार्षद: बिल पास कराने के नाम पर 30 हजार रिश्वत लेते धराया
एसीबी ने की कार्रवाई: अजमेर में पार्षद व इसके भाई के ठिकानों पर छापेमारी भी शुरु

अजमेर एसीबी ने आज विजयनगर के वार्ड क्रमांक-6 के पार्षद महेश जैन को 30 हजार की रिश्वत लेते हुए हिरासत में लिया है। इस मामले में इसके भाई लोकेश जैन पर भी कार्रवाई की जाकर इनके ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरु कर दिया है।
एसीबी सूत्रों के अनुसार परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म द्वारा करवाए गए निर्माण कार्यों के करीब 14 लाख 48 हजार के बिलों को पास करवाने की एवज में बिजयनगर नगर पालिका वार्ड नंबर 6 के पार्षद महेश जैन द्वारा 75 हजार की राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। परिवादी से मिली शिकायत पर सत्यापन किया गया और टीम ने शुक्रवार को ट्रैप की कार्रवाई करते हुए देवनारायण मंदिर के पास बिजयनगर निवासी, आरोपी पार्षद महेश जैन पुत्र रमेश जैन सहित उसके भाई लोकेश जैन को 30 हजार की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी ने मामले में भ्रष्टाचार निर्माण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
