महिला स्वास्थ्य अधिकारी की सरे राह हत्या
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मोर्चा खोला, 24 घंटे में अपराधी को हिरासत में लेने की मांग

छग के जशपुर इलाके में आज वेनलेस सेंटर की स्वास्थ्य अधिकारी देवकीदेवी चक्रेश की हत्या उस समय कर दी गई जब वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर कार्यालय जा रही थी। इस हत्याकांड के विरोध में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मोर्चा खोलते हुए प्रशासन से 24 घंटे में अपराधी की गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह ग्राम कुनकुरी से ओडिसा की और जाने वाले स्टेट हाईवे से गुजर रही देवकी बाई निवासी कासाबेल के ग्राम टांगर की हत्या अज्ञात बदमाश ने कर दी है। सरे राह हुए इस हत्याकांड से चारों तरफ सनसनी फैल गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस सूचना पर पुलिस ने पाया कि घटना स्थल खारी झरिया पुल पर एक महिला का रक्तरंजित शव सडक़ पर पड़ा हुआ है और समीप ही हत्या में प्रयुक्त हथियार कुल्हाड़ी रखी हुई है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुचा कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपित जल्द हिरासत में होगा।
