तीन बच्चों की मौत का कारण बनी सौतेली मां
पहाड़ी कूद कर की आत्महत्या, पुलिस ने तीनों के शवों को लिया कब्जे में

सौतेली मां के तानों और आए दिन की प्रताडऩा से तंग आकर एक 18 साल की युवती ने अपनी 4 साल की बहन और ढाई साल के मासूम भाई के साथ पहाड़ी से कूद कर मौत को गले लगा लिया है। युवती ने ये कदम सोमवार को उठाया था और गुरुवार शाम को इनके शव एक चरवाह की सूचना पर पहाड़ी की तलहटी से बरामद किए है।
मामला उत्तर प्रदेश के सोनभ्रद जिले के मांची थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम को सूचना मिली थी कि भैसगवाह पहाड़ी की तलहटी में तीन बच्चों की लाश पड़ी है। पुलिस ने मौके पर पाया कि 18 साल की कृष्णा, इसकी बहन चंदन(4 साल) और ढाई साल का भाई उजाला मृत अवस्था में पड़े हुए है। तीनों के शव बुरी तरह से सड़ चुके थे।
ये तीनों बच्चे सोमवार शाम से लापता थे। पुलिस पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने बताया है कि मृतिका कृष्णा की मां शहजादी अक्सर विवाद करती रहती थी। अपनी सौतेली मां की प्रताडऩा से तंग आकर कृष्णा ने अपनी बहन और मासूम भाई के साथ पहाड़ी से कूद कर मौत को गले लगा लिया है। पुलिस ने शवों का पीएम करवा कर शव इनके परिजनों को सौपा है, व आगे की जांच शुरु कर दी है।
