जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री श्री भदोरिया ने ध्वजारोहण किया

रतलाम जिले में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम पोलो ग्राउंड पर आयोजित हुआ। मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी.एस. भदौरिया मुख्य अतिथि थे। प्रभारी मंत्री ने मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री भदोरिया द्वारा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया गया। मुख्य अतिथि ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। जीप में उनके साथ कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील पाटीदार थे। कार्यक्रम में एसएएफ, जिला पुलिस बल, जिला होमगार्ड, एनसीसी आदि टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। परेड पश्चात मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया, हर्ष फायर किया गया। शांति एवं समृद्धि के प्रतीक रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ाए गए। राष्ट्रगान तथा मध्यप्रदेश गान हुआ। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, योग प्रदर्शन किया गया।
