सीएम बोले- गणेश जी के बाद जनता ही मेरी भगवान है
बाढ़ प्रभावित लोगों को आवास के लिए दी जाएगी आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गणेश जी की स्थापना कर अपनी जनता के बीच आया हूँ। गणेश जी के बाद जनता ही मेरी भगवान है, ग्राम हिनोतिया और गुजरखेड़ा आकर मैं जनता की पूजा कर रहा हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान बुधवार को विदिशा जिले के बाढ़ प्रभावित ग्राम हिनोतिया और गुजरखेड़ा में ग्रामीणों की व्यथा जानने के बाद उनसे संवाद कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मेरे ग्रामीण भाई यदि परेशान हैं तो मैं चैन से कैसे बैठ सकता हूँ। केवल हिनोतिया और गुजरखेडा ही नहीं, विदिशा जिले के 1336 गाँव के 27 हजार 639 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। मैं अपनी जनता को इस संकट से निकाल कर ले जाऊँगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिनके मकान बाढ़ से टूट गये है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे आवास निर्माण कर दिये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि विदिशा जिले में बाढ़ से हुई क्षति के अब तक के आकलन के आधार पर 11 करोड़ 3 लाख 15 हजार रूपये तत्काल प्रभावितों के खातों में अंतरित किये जा चुके हैं।
