शक: रिक्शा चालक ने बीवी और बेटी को फावड़े से काट डाला, मौत
हत्या कर अपने दोस्त को जानकारी दी तो पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया

गाजियाबाद के सिहानी सादिकनगर गांव रहने वाले रिक्शा चालक ने बड़ी ही बेरहमी से अपनी पत्नी और बेटी पर फावड़े से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। रिक्शा चालक को शक था कि उसकी पत्नी अनैतिक कार्य करती है और इसके इस कार्य में बेटी सहयोगी बनी हुई है। बीवी और बेटी की हत्या करने के बाद हत्यारे ने अपने परिचित को हत्या की जानकारी दी तो परिचित ने पुलिस को सूचना देकर आरोपित को गिरफ्तार कराया है।
सिहानी सादिकनगर निवासी संजय पाल ई-रिक्शा चलाकर अपनी आजीविका चलाता है। उसके परिवार में 17 वर्षीय बेटे कुनाल के अलावा पत्नी रेखा और 15 वर्षीय बेटी ताशू थी। तीन मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर कुनाल, फस्र्ट फ्लोर पर संजय तथा सेकेंड फ्लोर पर रेखा अपनी बेटी ताशू के साथ रहती थी। पिछले दिनों शक के चलते हुए विवाद के बाद संजय पाल ने बीवी और बेटी की हत्या करने का निर्णय लिया और इसे अंजाम देने के लिए इसने लगभग सुबह चार बजे संजय ने पत्नी के कमरे में जाकर उसे जगाया और खेल खत्म करने की बात कहते हुए उसकी गर्दन और चेहरे पर फावड़े से ताबड़तोड़ वारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद संजय छत पर बेटी के पास गया और सोते समय गर्दन पर फावड़े से कई वार कर उसकी भी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी भिजवाकर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी अनैतिक कार्य में लिप्त है, इसलिए उसने उसे मार डाला, जबकि विरोध करने पर बेटी भी मां का साथ देती थी, लिहाजा उसे भी मौत के घाट उतार दिया।

