रसगुल्ला मांगा तो चाकू चले, 1 की मौत 12 लोग घायल हुए
शादी खुशिया मातम में बदली, बगैर शादी किए ही लौट गई बारात

शादी समारोह का उत्साह चरम पर था, निकाह की रस्म होने वाली थी, भोजन का दौर चल रहा था। इसी दौरान एक बाराती ने भोजन करते समय काउन्टर पर खड़े युवक से रसगुल्ला मांग लिया, इस पर काउन्टर पर खड़े युवक ने बोला कि रसगुल्ला एक ही बार दिया जाएगा। इसी बात पर विवाद शुरु हुआ तो यहां चाकू, छुरी, कुर्सी, प्लेट आदि चलने लगे और इस विवाद में एक नौजवान की मौत गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। विवाद के बाद घायलों को अस्पताल पहुचाया गया है और बारात शादी किए बगैर ही लौट गई है।
मामला आगरा के खंदौली का है, यहां के रहने वाले वका के दो बेटों की शादी एत्मादपुर में रहने वाले उस्मान की दो बेटियों जैनब और साजिया से तय की गई थी। इसी शादी समारोह में रसगुल्ले को लेकर विवाद हो गया। रसगुल्ले को लेकर छिड़ी बहस के दौरान बाराती-घराती आमने-सामने हो गए। कुर्सी, चाकू, प्लेट्स, चम्मच, छुरी, कांटा जिसके हाथ जो लगा वह चलने लगा। इस झड़प में चाकू लगने से 20 साल के सनी की मौत हो गई।
मृतक सनी के परिवार वालों की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है। मृतक सनी के चाचा काले ने आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की है। साथ ही उनके गहने लूट ले गए हैं। मामला दर्ज होने के बाद दुल्हन का पूरा परिवार फरार हो गया है। खंदौली के रहने वाले शाहरुख, निजाम, शकील, जानू, रहमान, रामिया सहित 12 से ज्यादा लोग घायल हैं। इनका इलाज कराया जा रहा है।
