Product by Red Chilis

रतलाम में आस्था से खिलवाड़, सैकड़ों श्रीगणेश प्रतिमाएं कचरे में पहुची

रतलाम
कल रात तक जो विध्नहर्ता भगवान श्रीगणेश शहर भर की रौनक बने हुए थे, मंगलवार सुबह उन्ही की सैकड़ों प्रतिमाएं कचरे के ढेरों में पाई गई थी। आस्था से खिलवाड़ का ये खेल उन दुकानदारों ने किया है, जिन्हे नगर निगम ने गणेश प्रतिमाएं विक्रय करने के लिए स्थान उपलब्ध कराए थे। कचरे के ढेरों सहित अन्य ऐसे ही स्थानों पर अस्त व्यस्त पड़ी प्रतिमाओं को निगम प्रशासन ने कर्मचारियों के माध्यम से एकत्र करवा कर सुरक्षित रखा है, जिनका विसर्जन अनंत चतुर्दशी पर किया जाएगा।
श्रीगणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए शहर के नेहरु स्टेडियम, बरवड़ रोड़ सहित शहरभर में पांच से ज्यादा दुकाने लगाई गई थी। सोमवार सुबह से लेकर रात तक इन दुकानों पर भीड़ रही मगर मंगलवार सुबह इन दुकानों के आसपास अलग ही नजारा था और सैकड़ों श्रीगणेशजी की प्रतिमाएं इधर उधर बिखरी पड़ी नजर आई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब नेहरु स्टेडियम क्षेत्र में लगी तमाम दुकानों के आसपास भारी कचरा और इधर उधर बिखरी पड़ी प्रतिमाओं का नजारा क्षेत्रीय पार्षद योगेश पापटवाल और नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी राजेन्द्रसिंह पंवार ने देखा था। श्री पंवार ने मामले की जानकारी आयुक्त अनिल भाना को दी थी। जिस पर श्रीभाना ने सभी प्रतिमाओं को एकत्र कर सुरक्षित करने के निर्देश दिए थे। इस क्षेत्र में बिखरी पड़ी प्रतिमाओं को एकत्र कर सुरक्षित रखा गया और आने वाले दिनों में इनका विर्सजन किया जाएगा।
शहर के बरवड़ रोड़ स्थित मेला ग्राउण्ड में भी निगम ने दुकानदारों को जगह उपलब्ध कराई थी और वहां भी यही नजारा था और आसपास के बच्चे इधर उधर बिखरी पड़ी प्रतिमाओं के साथ खेल रहे थे या उन्हे अपने घरों में ले जा रहे थे।
इधर आस्था के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को लेकर किसी धर्म रक्षक का ध्यान नही गया है। जरा जरा सी बातों में डंडे झंडे लेकर प्रदर्शन करने वाले कथित रक्षकों ने इस तरह आस्था के साथ हुए खिलावड़ को लेकर दोनो आँखे मूंद रखी थी। इधर निगम प्रशासन ने दुकानों को मौके पर बुलाकर इन पर जुर्माने की कार्रवाई शुरु करने का भी निर्णय लिया है।

Related Articles

Back to top button