प्रेम के चक्कर में लाखों का कर्ज चढ़ा तो खुद को अगवा कर लिया आशिक ने .
प्रेमिका की कभी मोबाईल तो कभी दूसरी जरुरतों पर होने वाले खर्च से अपराधी बन बैठा युवक

कहते है प्यार अंधा होता है, मगर अब यह बहरा, गूंगा और मानसिक रुप से प्यार कमजोर भी होता जा रहा है। मुंबई के एक युवक पर दिवानगी कुछ इस कदर चढ़ी की उसने खुद पर लाखों रुपए का कर्ज चढ़ा लिया। यह कर्ज जब सिर चढ़ के बैठा तो मांगने वालों की धमकियां भी मिलने लगी। इससे बचने के लिए प्रेमी ने खुद के अपहरण की तरकीब बना कर दो लाख की फिरौती बटोरने की योजना बनाई मगर वह पुलिस की हत्थे चढ़ गया। अब पुलिस उसकी प्रेम कहानी के आधार पर पूछताछ कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार मुंबई के मध्यवर्ती पुलिस थाने में उत्तर प्रदेश निवासी सोनू हरिराम भारती ने अपने रिश्तेदार विजय कुमार चंद्रभान भारती की अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि उसके रिश्तेदार को किसी ने अपहरण किया और दो लाख रुपये की फिरौती मांगी है।
रिश्तेदार की इस सूचना पर मध्यवर्ती पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया और परिमंडल चार के पुलिस उपायुक्त प्रशांत मोहिते की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी। मध्यवर्ती पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ने जांच शुरू की तो पता चला कि जो फिरौती का फोन कनार्टक क्षेत्र से आया था । इसके बाद धरपकड़ की कार्रवाई शुरु हुई और पुलिस ने कर्नाटक की रेलवे पुलिस के माध्यम से विजय कुमार को बरामद कर लिया।
युवक की बरामदगी के बाद जो कहानी सामने आई उसके मुताबिक विजय ने पुलिस को बताया कि वह बहुत कर्ज में डूब गया था। इस कर्ज से विजय ने अपनी प्रेमिका को मोबाइल और उसकी दूसरी फरमाइशें पूरी करने के लिए लिया था। विजय को मालूम था कि उसका मामा बहुत पैसे वाला आदमी है। विजय ने पुलिस को बताया, मैं अपने अपहरण की कहानी बनाऊंगा और मेरे पिता अपने मामा से पैसे की मदद मांगेगे और वह दो लाख रुपये दे देंगे।
