ताल पुलिस ने बाईक सवार से 1 लाख की एमडी बरामद की

रतलाम
जिले की ताल थाना पुलिस ने बाईक पर सवार युवक से एक लाख रुपए कीमत की एमडी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार ताल थाने के सहायक उपनिरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बगैर नम्बर की सुपर स्पेल्डंर मोटर साईकल पर सवार व्यक्ति हाटपिपलपिया, ताल होते हुये आलोट तरफ जाने वाला है यह मादक पदार्थ का परिवहन कर रहा है। इस सूचना पर आरक्षक शुभमसिंह, अंकित काला और आदिल के साथ बताए गए व्यक्ति की तलाश की गई। ये सभी चंबल नदी की पुलिया पर संदिग्ध व्यक्ति की निगरानी रख रहे थे। तभी आरक्षक शुभमसिंह को बाईक पर सवार युवक जावरा तरफ से आता दिखाई दिया। युवक को रोककर पूछताछ कर पाया कि बाईक पर सवार युवक का नाम आसिफ पिता जाकीर खाँ मेवाती (35 साल) निवासी देवरा गली पिपलिया मण्डी हाल मुकाम बन्नाखेड़ा थाना औधोगिक क्षेत्र जावरा है। आसिफ के पहने गए पेंट की दाहिनी जेब की तलाशी ली गई तो उसमें से एक प्लास्टिक की थैली में एमडी ड्रग्स पाया गया जिसकी कीमत 1 लाख रुपए बताई जाती है। पुलिस ने इससे 50 हजार रुपए कीमत की मोटर साईकल भी बरामद कर धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया है।
