मुख्यमंत्री लाडली बहना सम्मेलन को संबोधित करेंगे – विधायक चेतन्य काश्यप
मुख्यमंत्री विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद करेंगे,इस अवसर पर सभी वार्डों के प्रतिनिधियों ने अपने लक्ष्य निर्धारित किए

रतलाम
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अप्रैल को रतलाम आकर स्थानीय पोलोग्राउंड पर विशाल लाडली बहना सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पोलोग्राउंड पर लगभग एक लाख लाडली बहनों के शामिल होने की संभावना है।पोलो ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान लाडली बहना योजना की हितग्राही लगभग एक लाख बहनों से सीधी चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा हितग्राहियों को मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार पत्रों (पट्टो) का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के पीछे अंबेडकर भवन में लाडली बहना पंजीयन केंद्र पहुंचकर मुख्यमंत्री लाडली बहनों के पंजीयन की कार्रवाई में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा पेसा एक्ट के मोबिलाइजर तथा यंग अचीवर से संवाद किया जाएगा।
विधायक चेतन्य काश्यप ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रतलाम का सौभाग्य है कि लाडली बहना योजना को लेकर मुख्यमंत्री यहां बैठक लेंगे। इसमें अधिक से अधिक बहनें शामिल होना चाहिए। रतलाम में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिले की लाडली बहनों में जबरदस्त उत्साह है। कार्यक्रम में लाडली बहनों द्वारा मुख्यमंत्री को 100 फीट लंबाई की राखी और धन्यवाद पत्र सौंपा जाएगा। विधायक श्री काश्यप ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि श्री चौहान रतलाम में सबसे पहले नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने वाले लाडली बहना योजना के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां शहर में होने वाले निर्माण एवं विकास कार्यों का भुमिपूजन, शिलान्यास के बाद सभा होगी। उसके पश्चात अम्बेडकर भवन मंे लाडली बहना योजना का पंजीयन करवाएंगे। श्री चौहान पैसा एक्ट पर भी क्षेत्र के लाभान्वित होने वाले लोगों से चर्चा करेंगे। इसके बाद सैलाना रोड स्थित श्रीजी पैलेस में बुद्धिजीवियों से संवाद करेंगे। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। श्री काश्यप ने कहा कि रतलाम भ्रमण के दौरान श्री चौहान का मार्ग में परम्परानुसार स्वागत किया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक वार्ड से लाडली बहना सम्मेलन में अधिक से अधिक बहनों की सहभागिता करवाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी वार्डों के प्रतिनिधियों ने अपने लक्ष्य निर्धारित किए।
