हुंडी दलाल जेल में, मकान पर ब्याजखौर का कब्जा और परिवार बैघर

रतलाम
शहर के कुछ व्यापारियों का रुपया ब्याज पर चलाने वाले हुंडी दलाल के फरार होने से लेकर जेल जाने तक का घटनाक्रम सार्वजनिक है। मगर इसी बीच मंगलवार को पता चला कि हुंडी दलाल के मकान पर एक व्यक्ति ने कब्जा कर इसे बेचने तक की तैयारी कर रखी है। मामले की शिकायत हुंडी दलाल की पत्नी ने मंगलवार को जिला प्रशासन को की है। इसके पहले इनकी पत्नी थाना माणकचौक और एसपी कार्यालय में भी गुहार लगा चुकी है, जहां इनकी सुनवाई नही हुई है।
हुंडी दलाल की पत्नी मनीषा जैन ने शिकायत दर्ज कराई है कि इसके पति विजय कुमार जैन (लोढ़ा) को झूठी शिकायत के बाद थाना माणकचौक पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में जिला जेल रतलाम में निरुद्व है। इनके पति को इनकोलिजिन स्पोनोडिजिट नामक अस्थि रोग बीमारी है। वही इनकी माँ यानि मनीषा की सास कैंसर से पीडि़त है।
इधर 20 दिसम्बर 2025 से जेल में बंद विजय लोढ़ा के मकान पर रुपेश चपड़ोद नामक व्यक्ति ने ताला लगा कर कब्जा कर लिया है, वही शिकायत कर्ता मनीषा और इनका बेटा बैघर होकर वर्तमान में अपने मायके ग्राम भाट पचलाना में रह रहे है।
मनीषा के अनुसार रुपेश चपड़ौद विजय लोढ़ा को ऊंचे ब्याज पर पैसा लगाने को कहता था, ऐसे में रुपेश का रुपया मार्केट में डूब गया है। हम इसके रुपए लौटाने का प्रयास करेगे। इधर रुपेश ने इनके 30 शुभम रेंंसीडेंसी रतलाम स्थित मकान पर ताला लगा कर वहां बोर्ड लगा दिया है कि मकान क्रय करने के लिए इससे सम्पर्क करे।
मनीषा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह इस संबध में रुपेश की शिकायत लेकर माणकचौक थाने गई थी कि मगर वहां आवेदन नही लिया गया है, इसी तरह एसपी कार्यालय में भी शिकायत की गई, मगर कोई सुनवाई नही हो पाई है। मनीषा का आरोप है कि रुपेश जेल में अन्य कैदियों से कह कर विजय को धमका रहा है।
इधर रुपेश ने मकान पर ताला लगाकर खुद का कब्जा बता रखा है और इस मकान को बेचने के लिए ग्राहक भी लगा रखे है।
