अजब शहर-गजब लोग: पीएम आवास योजना के धन से मकान की बजाय गोदाम बना लिया

रतलाम
शहर के वार्ड नम्बर 26 स्थित लंबी गली (थावरिया बाजार) के एक रहवासी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली राशि का उपयोग रहने के लिए मकान बनाने के बजाय व्यावसायिक गोदाम बना लिया है। क्षेत्रीय पार्षद उमा रामचन्द्र डोई ने आसपास के रहवासियों के साथ नगर निगम पहुच कर शिकायत दर्ज कराई है। पार्षद ने अपने क्षेत्र में पेयजल पाईप लाईन नही जोड़े जाने की भी शिकायत प्रस्तुत की है।
थावरिया बाजार स्थित लंबी गली के रहवासियों की शिकायत के अनुसार इसी क्षेत्र में रहने वाले राजेश पिता शनि गिरी के मकान का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किया जाना था। मगर राजेश ने आवास के स्थान पर व्यावसायिक उपयोग के लिए गोदाम बना शासकीय धनराशि का दुरुपयोग किया है।
पार्षद श्रीमती उमा के अनुसार इस मामले की शिकायत पूर्व में भी की गई थी, मगर नगर निगम के जिम्मेदारों ने इस पर किसी प्रकार की कार्रवाई नही की है। पार्षद ने उक्त मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ गोदाम का चित्र, राजेश गिरी द्वारा दिया गया शपथ पत्र और नामातंरण के दस्तावेज भी प्रस्तुत किए है।
इसी वार्ड में पेयजल समस्या को भी लेकर पार्षद उमा रामचन्द्र डोई ने जनसुनवाई में पत्र देते हुए आयुक्त को अवगत कराया है कि वार्ड के धबाईजी का वास क्षेत्र मे पीने के पानी के पाईप लाईन डाली जा चुकी है। लेकिन दो साल बीत जाने के बाद भी घरों तक यह पानी नही पहुच पाया है।
पार्षद के अनुसार वार्ड के कबीर सा, का मंदिर बिचलावास की गली में ठेकेदार द्वारा लगभग डेढ़ साल पहले पाईप लाईन बिछाने का कार्य अधूरा छोड़ रखा है। ऐसे में आज भी रहवासी गंदा पानी पीने पर मजबूर हो रहे है। कई लोगों के घरों तक पानी ही नही पहुच पा रहा है। ऐसे में जनता आक्रोषित होकर बार बार हमे शिकायत करती आ रही है। अब हालात यह भी है कि ठेकेदार ने हमारे फोन उठाना भी बंद कर दिए है।
पार्षद ने आयुक्त को चेतावनी दी है कि अगर सात दिन में ठेकेदार ने काम पूरा नही किया तो वह रहवासियों के साथ वार्ड के मुख्य मार्ग पर बैठकर धरना प्रदर्शन करेगी।
