Product by Red Chilis

रतलाम के सराफा बाजार में गिरवी रखे जेवर डूबने लगे

रतलाम
विश्व में ख्यात रतलाम का सराफा बाजार अब कुछ सराफा व्यापारियों के कारण बदनामी की कगार पर खड़ा होकर जिला और पुलिस प्रशासन के निशाने पर आने लगा है। यहां के कुछ व्यापारियों के यहां गिरवी रखी रकमे डूबने की कगार पर है, और रकम गिरवी रखने वाले पीडि़त अपनी डूबती रकम बचाने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन की गुहार लगा रहे है।
गिरवी रखी रकम डूबाने की ऐसी ही वारदातों के चलते मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में दो मामले आए है। जिसमें पीडि़तों ने लाखों रुपए की गिरवी रखी रकम डूबने की शिकायत दर्ज कराई है।
समीपस्थ ग्राम डेलनपुर निवासी गोपाल पिता सीताराम ने रुपयों की जरुरत होने पर 24 अक्टूबर 2024 को माणकचौक स्थित श्रीराम ज्वैलर्स के सुमित सोनी के यहां 1 लाख 06 हजार में अपने घर की रकम गिरवी रखी थी। गोपाल के अनुसार उन्होने सुमित सोनी की दुकान पर 2 सोने के 1.7 ग्राम के बिस्कुट, एक चांदी की पोची 13 ग्राम गिरवी रखी गई थी।
गोपाल के अनुसार घर में रुपयों का इंतजाम होने के बाद जब हमारी गिरवी रखी रकम छुड़ाने गए तो दुकानदार पहले तो टालमटोल करता रहा, बाद में इसने अपना मोबाईल भी बंद कर लिया और दुकान पर ताला लगाकर कही चला गया है। इसके घर पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया, मगर किसी ने संतोषजनक जवाब नही दिया है। गोपाल ने जिला प्रशासन से दोषी सुमित पर कार्रवाई की मांग की है। जनसुनवाई कर रहे प्रभारी अधिकारी ने तहसीलदार शहर को आवेदन का निराकरण करने के निर्देश दिए है।
इसी तरह आज ही इसी दुकानदार के खिलाफ रतलाम शहर के जवाहर नगर निवासी राहुल बैरागी ने शिकायत दर्ज कराई है कि माणकचौक निवासी श्रीराम ज्वैलर्स के सुमित सोनी के यहां इन्होने रुपयों की जरुरत के चलते 15 माह पूर्व 500 ग्राम चांदी की रकम गिरवी रखी थी। गत दो माह पूर्व ये जब सुमित की दुकान पर अपनी गिरवी रकम लेने गए तो इसके घर और दुकान पर ताला लगा मिलता है। आसपास के रहवासियों का कहना है कि यह सराफा व्यापारी कई लोगों की रकम लेकर भाग गया है। राहुल की शिकायत पर माणकचौक पुलिस को कार्रवाई के लिए लिखा गया है।
इसके पूर्व भी 7 जुलाई 2026 को ग्राम सेमलिया तहसील थांदला निवासी रंजना पति तोलसिंह गरवाल ने शहर के गौशाला रोड़ पर स्थित कल्पश्री ज्वेलर्स के संचालक पर गिरवी रखे जेवर हड़पने का आरोप लगाकर जिला प्रशासन को शिकायत दर्ज कराई थी। कल्पश्री ज्वैलर्स का संचालक 20 हजार रुपए में गिरवी रखी रकम को छोडऩे के ब्याज सहित दो लाख रुपए की मांग कर रहा है। रंजना का आवेदन एसपी को कार्रवाई के लिए भेजा गया था।

Related Articles

Back to top button