चिकलाना एमडी कांड: आर्मी कार्ड की तस्दीक के लिए पुलिस दिल्ली जाएगी, तिजोरी की थी चार चाबी..

रतलाम। जिले के जावरा तहसील से जुड़े ग्राम चिकलाना में मादक पदार्थ निर्माण के कारखाने का पटाक्षेप करने वाली रतलाम पुलिस इस मामले की परत दर परत खोलने में जुटी है। इस ड्रग्स कारखाने से जुड़े हर व्यक्ति जिसमें निर्माण से लेकर सप्लाईर्स, वितरक, केमिकल्स उपलब्ध कराने और इनका उपयोग करने वालों आदि की कुंडली खंगाली जा रही है। इसी कड़ी में अजहर के नाम से जारी आर्मी के पहचान पत्र की खोजबीन को लेकर रतलाम पुलिस की एक टीम दिल्ली के लिए रवाना होने वाली है।
चिकलाना में दिलावर पठान के मकान से एमडी ड्रग्स निर्माण के कारखाने पर दंबिश के बाद से एसपी अमित कुमार इस मामले से जुड़े हर व्यक्ति की कुंडली खंगालने का प्रयास कर रहे है। इसके लिए इन्होने अपने ईमानदार और वफादार पुलिसकर्मियों की टीम को सक्रिय कर रखा है।
इस टीम ने बीते दिनों जब दिलावर के घर के अन्य हिस्सों की तलाशी ली तो वहां एक तिजोरी मिली जो भारी भरकम एक अबूझ पहेली के समान थी। इस तिजोरी को खोलने के लिए दो हिस्सों में कोडवर्ड का इस्तमाल किया जाता था। ये कोर्डवर्ड डालने के बाद अंदर से ताले निकलते थे, जिनकी चार चाबिया थी। इस कार्रवाई की वीडिय़ों रिकार्डिग करते समय दिलावर पठान की पत्नी भी घबराई हुई नजर आ रही थी, मगर पुलिस के सामने उसकी नही चल पाई। इस खुफिया तिजोरी के खुलने के बाद अंदर कुछ पारिवारिक गहने आदि सामग्री थी, मगर मादक पदार्थो जैसे कुछ नही मिल पाया।
इधर दिलावर के बेटे अजहर के नाम से आर्मी का परिचय पत्र मिलने के बाद जब रतलाम पुलिस ने प्रकरण को लेकर छानबीन शुरु की तो यह फर्जी निकला है। अजहर ने पूछताछ में बताया है कि यह दिल्ली के नजदीक किसी क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति ने इसे दिया था। इस जानकारी के बाद रतलाम पुलिस का एक दल दिल्ली के लिए रवाना हो चुका है।
इसी प्रकरण में चिकलाना के आधा दर्जन आरोपित, जावरा के चार और मुंबई के एक आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ईनाम घोषित किया है, अगर ये तय समय में प्रस्तुत नही हुए तो इनकी संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी की जा रही है।
