मोबाईल सिम बंद कर खाते से 96 हजार रुपए उड़ाए

रतलाम
समीपस्थ ग्राम बडिऱ्या में रहकर मजदूरी करने वाली पूजा खराड़ी के खाते से से 96 हजार रुपए अज्ञात बदमाश ने निकाल लिए है। मामले की शिकायत सायबर व थाने में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बडिऱ्या थाना दिनदयाल नगर में रहने वाली पूजा खराड़ी ने शिकायत दर्ज कराई है कि मेरा एक बैंक में खाता है। इस खाते से इनके पति प्रकाश खराड़ी का मोबाईल नम्बर जुड़ा हुआ है। विगत दिनों इनके पास मोबाईल नम्बर 9201999563 से सूचना आई कि तुम्हारी सिम बंद की गई है। इसके बाद ये दोनो पति पत्नी रतलाम में एयरटेल ऐजेन्सी के दफ्तर गए तो पता चला कि इनके नम्बर की सिम किसी अन्य व्यक्ति के नाम कर दी गई है, जो अब आपके नाम पर नही हो सकती है। इस सिम के बंद होने के बाद इनका यूपीआई भी बंद हो गया था। इस यूपीआई को चालू कराने जब ये दोनो अपनी बैंक गए तो पता चला कि इनके पति के नाम की सिम की डुप्लीकेट सिम बना कर अज्ञात बदमाश ने इनके खाते से 96 हजार रुपए निकाल लिए है। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
