रतलाम भी जंतर मंतर की राह पर…. पंचायत सचिव का कुर्सी से सिर फोड़ा

रतलाम
जब जनसुनवाईयों, सीएम हेल्प लाईन जैसी शासन की महत्वपूर्ण और जनहितैषी कार्यक्रमों में जनता की सुनवाई महिनों या वर्षो नही होती है तो जनता अपने स्तर से सरकारी काम कराने की राह पर चल पड़ती है। विगत कुछ माह से ऐसे कई विवादित मामले सामने आए है, जिसके चलते फरियादियों या पीडि़तों ने अपने हक की लड़ाई को लेकर कानून हाथ में लिया है। पिछले दिनों तीन सालों से अपनी बेटी को संबल योजना का लाभ दिलाने के लिए भटक रहे पिता ने ग्राम पंचायत के सचिव पर ही हमला कर दिया।
विगत तीन साल पहले अपनी बेटी की मौत के बाद संबल कार्ड का लाभ नही मिलने से नाराज कुछ लोगों ने ग्राम पंचायत गुड़भेली के सचिव के साथ मारपीट करते हुए कुर्सी से हमला कर सिर फोड़ दिया है। घायल सचिव ने सरपंच के साथ थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पून्याखेड़ी में रहने वाले ग्राम पंचायत गुड़भेली के सचिव ने शिकायत दर्ज कराई है कि गत 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ग्राम सभा की बैठक चल रही थी जिसमें 60-70 ग्रामीण भी मौजूद थे। इसी बैठक में ग्राम अल्काखेड़ा निवासी जीवन मावजी निनामा, प्रकाश पिता जीवन व शांतिलाल डिडोंर भी आए हुए थे। बैठक में जीवन ने अपनी लडक़ी की मौत के बाद संबल कार्ड का लाभ नही मिलने का मामला उठाया और पंचायत सचिव को गालियां देना शुरु कर दिया। इसी विवाद के चलते जीवन ने वहां रखी कुर्सी उठाकर सचिव पर हमला कर दिया। मामला बढ़ता देख लोगों ने बीच बचाव किया और जीवन ने सचिव को धमकी दी कि अगर मेरी बेटी को संबल कार्ड का लाभ नही मिला तो जान से खत्म कर दूगा। मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है।
