ट्रेन की खिडक़ी पर 15 किमी लटका रहा मोबाईल चोर
जान की भीख मांगता रहा, यात्रियों ने चोर को पुलिस के हवाले किया

स्टेशन पर ट्रेन खड़ी थी, और एक चोर ने गाड़ी में बैठे यात्री का मोबाईल चोरी करने के लिए ट्रेन के डिब्बे में हाथ डाला. इसी बीच ट्रेन चल पड़ी और पास ही बैठे एक यात्री ने मोबाईल चोरी करने वाले चोर का हाथ पकड़ लिया। ट्रेन 15 किमी तक दौड़ती रही और चोर खिडक़ी के बाहर लटका रहा।
घटना बिहार के बेगूसराय की है। यहां चलती ट्रेन की खिडक़ी से एक चोर मोबाइल चुराने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद यात्री बेगूसराय के साहेबपुर कमाल स्टेशन से खगडिय़ा तक यूं ही खिडक़ी पर लटकाकर चोर को ले गए। इन दोनों स्टेशन के बीच की दूरी 15 किलोमीटर है। इस दौरान चोर जान की भीख मांगता रहा। उसने कहा कि हाथ टूट जाएगा भईया। मर जाएंगे भईया। हालांकि यात्रियों ने उसका हाथ नहीं छोड़ा। खगडिय़ा स्टेशन पर चोर को रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम पंकज कुमार बताया। वह बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
