फेल हुए छात्रों ने शिक्षकों को पेड़ से बांध कर पिटाई कर दी
प्रैक्टिकल परीक्षा में नम्बर कम आने से नाराज थे, कक्षा 9 के छात्र

झारखंड का दुमका क्षेत्र इन दिनों हर तरफ सुर्खियों में है। यहां ताजा मामला एक स्कूल के टीचर सहित स्कूल के दो अन्य कर्मचारियों को पेड़ से बांध कर पिटाई का है। शिक्षक सहित तीन को पेड़ से बांधने की हरकत कक्षा 9 के छात्रों ने की है। छात्रों की नाराजगी ये थी कि शिक्षक ने इन्हे प्रेक्टिकल परीक्षा में नम्बर कम दिए थे, इसलिए वे फेल हो गए। पुलिस ने मामले को संज्ञान लिया है और दोषी छात्रों से पूछताछ की जा रही है।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 26 अगस्त को 9 वीं क्लास का रिजल्ट जारी किया था, जिसमें अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय गोपीकांदर के 11 छात्र फेल हो गए। इसी से गुस्साए छात्र ग्रुप बनाकर स्कूल के टीचर कुमार सुमन और क्लर्क सोनेराम चौड़े के पास पहुंचे और प्रैक्टिकल में दिए गए नंबर की पूछताछ करने लगे। वे पेपर दिखाए जाने की जिद कर रहे थे।
पेपर दिखाने से इनकार किए जाने पर छात्र बेकाबू हो गए और दोनों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। उस वक्त मौके पर स्कूल के चपरासी अचन्तु मल्लिक भी मौजूद थे। गुस्साए छात्रों ने इन तीनों को स्कूल परिसर के एक आम के पेड़ से बांध दिया और पिटाई की।
स्टूडेंट्स का आरोप है कि टीचर ने जानबूझकर उन्हें कम नंबर दिए, जिसकी वजह से वे फेल हो गए। इसी बात से नाराज छात्रों ने टीचर, क्लर्क और चपरासी को स्कूल के ही आम के पेड़ में रस्सी से बांधा और जमकर पीटा। छात्रों ने इस पूरी घटना का फेसबुक लाइव भी किया है। वीडियो सामने आने के बाद डीडीसी ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
