Product by Red Chilis

जावरा के शाहीद बाबा ने तंत्र-मंत्र के नाम पर चार लाख रुपए ठगे

रतलाम
जिले के जावरा शहर में शारीरिक और मानसिक बीमारी ठीक करने के नाम पर शाहीद खान उर्फ बाबा पिता अजीज खान निवासी गुरुनानक मोहल्ला स्टेशन रोड़ जावरा ने टीकमगढ़ क्षेत्र के एक 24 वर्षीय युवक से 4 लाख रुपए से ज्यादा ठग लिए है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने कायमी की है।
मिली जानकारी के अनुसार खरगापुर टीकमगढ़ (मध्यप्रदेश) निवासी सोहेल पिता अब्दुल हमीद खान ने शिकायत दर्ज कराई है कि यह हाल मुकाम हुसैन टेकरी शरीफ, जावरा, अध्ययनरत हूँ। मैं काफी समय से बीमार रहता था। लोगों से जानकारी मिली कि हुसैन टेकरी शरीफ, जावरा आने से जादू-टोना अथवा ऐसी परेशानियों से ग्रसित व्यक्ति ठीक हो जाता है।
इसी आस्था और विश्वास से लगभग तीन वर्ष पूर्व मैं हुसैन टेकरी, जावरा आया था। वहाँ मेरी मुलाकात शाहीद खान उर्फ बाबा पिता अजीज खान, निवासी गुरुनानक मोहल्ला, स्टेशन रोड, जावरा से हुई। शाहीद बाबा ने स्वयं को तांत्रिक विद्या का जानकार बताते हुए मुझसे कहा कि केवल वही मुझे ठीक कर सकता है और कोई अन्य व्यक्ति मेरा इलाज नहीं कर सकता। प्रारंभ में मैंने उसकी बातों पर विश्वास नहीं किया, किन्तु वह लगातार मुझसे मिलता रहा और बार-बार यही विश्वास दिलाता रहा कि वह तांत्रिक क्रिया के माध्यम से मुझे पूर्णत: स्वस्थ कर देगा।
शाहीद बाबा की बातों में आकर मैंने उस पर विश्वास कर लिया। शाहीद बाबा ने इलाज एवं तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर मुझसे समय-समय पर विभिन्न किस्तों में राशि प्राप्त की। उसके कहने पर मैंने 04.06.2023 को फोन पे के माध्यम से 50,000/- रुपये एवं 50,000/- रुपये कुल 1,00,000/- दिए । इसके बाद दिनांक 21.06.2023 को 50,000/- रुपये, दिनांक 26.07.2023 को 1,000/-, रुपये दिनांक 22.08.2023 को 10,000 /- रुपये, दिनांक 09.10.2023 को 10,000 /- रुपये तथा दिनांक 23.11.2023 को 50,000/- रुपये फोन पे के माध्यम से दिए । इस प्रकार फोन पे से कुल 3,21,000/- रुपये तथा नगद 1,50,000/- रुपये सहित प्रतिप्रार्थी ने मुझसे कुल 4,71,000/- रुपये (चार लाख इकहतर हजार रुपये) छलपूर्वक प्राप्त कर लिए। रुपये देने के बावजूद मेरी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ।
फरियादी के अनुसार जब मैंने प्रतिप्रार्थी से अपने रुपये वापस मांगे, तो वह लगातार टालमटोल करता रहा । विगत 2 जनवरी को मैं हुसैन टेकरी जाकर शाहीद बाबा से मिला और अपने रुपये वापस मांगे। इस पर बाबा ने मेरे साथ अश्लील गाली-गलौच की तथा कहा कि कोई रुपये-वुपये नहीं हैं, यदि दोबारा रुपये मांगे तो तुझे जान से मार दूँगा इस धमकी से मुझे अपनी जान-माल की सुरक्षा का भय है ।
पीडि़त ने इस मामले की शिकायत एसपी को की थी, एसपी के निर्देश पर शिकायत की जांच कर शाहीद बाबा के खिलाफ कायमी की गई है।

Related Articles

Back to top button