रामायण रथ रुकवाया, पुजारी व साथियों पर हमला करने दौड़े बदमाश

जिले के बाजना थाना अन्तर्गत कुंदनपुर में पहुचे रामायण रथ के माध्यम से रामायण का प्रसारण कर लोगों को दिखाने वालों को क्षेत्र के कुछ बदमाशों ने भगा कर रामायण का प्रसारण भी रुकवा दिया है। मामले की शिकायत थाने में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार एकल श्री हरी वनवासी ट्रस्ट मुंबई के माध्यम से पूरे देश में रामरथ रामायण अभियान चलाया जा रहा है। यह आयोजन हर गांव के मोहल्लों में होता आ रहा है। फरियादी निवासी ग्राम चंदेरा थाना सरवन भी इस ट्रस्ट का सदस्य है। गत दिवस फरियादी व पुजारी गंवराम डावर, पवन कटारे, गणेश चारेल अपनी टीम के साथ संदीब डाबी निवासी कुंदनपुर के घर के बाहर रामाणय रथ के माध्यम से लोगों को रामायण दिखा रहे थे। इसी दौरान इसी गांव के निवासी नाहरु पिता तोलाराम डाबी और बंटी पिता महेन्द्र डाबी अपने साथियों के साथ शराब पीकर आए और बोले कि तुम्हारा ये नाटक बंद करो। ये रामायण रथ किसकी अनुमति से चला रहे हो? कलेक्टर ने अनुमति दी हो तो हमे बताओं?
फरियादी के अनुसार यहां विवाद बढ़ता देख मौके पर संदीप डाबी, लगजी चरपोटा ने उन्हें समझाया तो नाहरू व बंटी दौनो बोले कि अगर यहाँ से रथ लेकर नहीं गए तो जान से खत्म कर देंगे। और ये सभी हमें मारने दौडे। रामरथ रामायण वाले भागते भागते ग्राम हेवडादामा खुर्द पहुचे और जैसे तैसे रात बीता कर दूसरे दिन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
उधर बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम आलाखेड़ा में चल रहे माताजी के भण्डारे के दौरान गांव का ही अर्जुन पिता जगन्नाथ दमामी शराब के नशे में मोटर साईकल लहराता हुआ, भोजन कर रहे महिला, पुरुष और बच्चों के पत्तल, दोने पर से होता हुआ निकल गया। यहां लोगों ने इसे समझाया और अर्जुन को उसके घर वाले पकडक़र घर ले गए थे। गांव वालों ने अर्जुन के खिलाफ थाने पर शिकायती आवेदन भी दिया था। कुछ देर बाद अर्जुन इसका भाई व पत्नी समझौते की बात कर रहे थे। तभी अर्जुन और इसका भाई सुरेश विवाद करने पर उतर आए और फरियादी के साथ मारपीट करने लगे। इस मामले की शिकायत भी थाने में दर्ज कराई गई है।
