खेल

महापौर बोले- नए स्वरुप में संवारा जाएगा, नेहरु स्टेडियम

रतलाम
बीते माह शासकीय आयोजन के बाद शहर का एक मात्र बड़ा खेल मैदान नेहरु स्टेडियम शहरवासियों के लिए अनुपयोगी हो गया है। मुख्यमंत्री ने इसके विकास के लिए पांच करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। साथ ही रतलाम के पोलो ग्राउंड में अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर हॉकी का एस्ट्रो टर्फ बनाए जाने का वादा किया है। सीएम की इस घोषणा के बाद बुधवार को महापौर प्रहलाद पटेल ने नगर निगम के इंजीनियरों व कंस्लटेंट के साथ नेहरु स्टेडियम का निरीक्षण कर इसके विकास पर चर्चा की। महापौर का कहना है कि नगर के खिलाडिय़ों की भावना को ध्यान में रखते हुए इस खेल मैदान को भव्य रुप से पुन: संवारा जाएगा।
महापौर प्रहलाद पटेल आज शाम नेहरु स्टेडियम पहुचे और उन्होने पूरे ग्राउण्ड और पेवेलियन का निरीक्षण करते हुए डीपीआर तैयार करने के लिए कंस्लटेंट व इंजीनियर से चर्चा की है। इस चर्चा के दौरान बताया गया कि पूरे ग्राउण्ड का नया सर्वे किया जाकर यहां जरुरत के अनुसार क्रिकेट, हाँकी आदि खेलों के लिए व्यवस्था की जाएगी।
महापौर ने निरीक्षण के दौरान पेवेलियन का हिस्सा स्टेडियम मार्केट की दुकानों के पीछे भी करने का सुझाव दिया है। इससे ग्राउण्ड का स्वरुप गोलाकार में हो जाएगा। यहां खिलाडिय़ों ने महापौर को बताया कि बरसात के दौरान पेवेलियन में बने कार्यालयों में पानी का रिसाव तेजी से हो रहा है। उन्होने ग्राउण्ड के आसपास लगी अवैध गुमटियों के मामले से भी अवगत कराया गया।
गौरतलब है मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बीती 27 जून को में रीजनल इंडस्ट्री स्कील एंड एम्प्लायमेंट कांक्लेव, (राइज 2025) का शुभारंभ करने आए थे, इस दौरान शहर के इस बड़े खेल मैदान का उपयोग इस आयोजन के लिए किया गया था। इस आयोजन के पूर्व से ही मैदान की स्थिति भारी बरसात के कारण बदहाल होने लगी थी, जिसमें सुधार करने के नाम पर नगर निगम ने लगभग डेढ़ लाख रुपए खर्च किए थे।
इस आयोजन के बाद जब नगर के खेल प्रेमियों का गुस्सा फूटा तो निगम प्रशासन ने एक बार फिर मैदान को दुरुस्त करने के नाम पर लाखों रुपए फूंक दिए।
इधर इस खेल मैदान के पुन: विकास को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद महापौर मैदान के विकास कार्य को गति देने के लिए निगम अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश बैठकों में दे रहे है।
महापौर ने बताया कि नेहरु स्टेडियम शहर का पुराना और बड़ा मैदान है, यहां अनेक खिलाडिय़ों की आस्था जुड़ी हुई है। मैदान को बेहतर ढंग से विकसित किया जाकर इसे नए स्वरुप में जल्द ही संवारा जाएगा। इस मौके पर पार्षद परमानंद योगी सहित निगम अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button