मासूम की मौत का जिम्मेदार निकला मिठाईवाला, प्रकरण दर्ज किया

रतलाम
जिले के रिगनोंद थाना अन्तर्गत ग्राम बिनोली निवासी 3 वर्षीय आर्यन गिर गोस्वामी की असमय हुई मौत का जिम्मेदार जावरा स्थित देवश्री नमकीन का संचालक निकला है। रिगनोंद पुलिस ने मर्ग पर शुरु की जांच के दौरान दुकानदार को दोषी मानकर इसके खिलाफ अलग अलग धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मृतक आर्यन निवासी बिनोली की मौत के मामले में जांच के दौरान परिजन व अन्य साक्षियों के बयान दर्ज किए साथ ही पीएम रिपोर्ट व चिकित्सकों की जांच के आधार पर देवश्री नमकीन जावरा के संचालक सत्यनारायण पिता चांदमल अग्रवाल निवासी पुरानी धानमंडी जावरा के खिलाफ धारा 106 (1), 274, 275 बीएनएस और 59 खाद्या सुरक्षा एंव मानक अधिनियम 2006 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने बच्चे की मौत को लेकर शुरु की जांच में मृतक आर्यन के पिता जितेन्द्र गिर गोस्वामी, माँ टीना उर्फ रेखा रिश्तेदार भोला गिर गोस्वामी के बयान दर्ज पाया कि गत 7 अक्टूबर को इन्होने देवश्री नमकीन जावरा की दुकान से मिठाई खरीदी थी। इस मिठाई को खाने के बाद आर्यन की तबियत बिगड़ी तो इसे मंदसौर के शासकीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां 10 अक्टूबर को इसकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने जांच व तमाम सबूतों के आधार पर पाया कि देवश्री नमकीन जावरा के संचालक द्वारा मिठाई पेड़े जो कि खाने के लिए अनुपयुक्त हानिकारक होते हुए भी बेचे थे। जिसके कारण बच्चे आर्यन की मौत हुई है।
