मोबाईल लाँक होने का बहाना बनाकर एक लाख रुपए की ठगी

रतलाम
शहर के सुतारों का वास निवासी पीर मोहम्मद के साथ इनके ही किरायेदार के नौकर ने एक लाख रुपए से ज्यादा की सायबर ठगी की है।
मिली जानकारी के अनुसार 65 साल के पीर मोहम्मद ने शिकायत दर्ज कराई है कि इनकी हिन्दुस्तान इलेक्ट्रीक नामक दुकान है। इन्होने अपने पास वास वाली दुकान कलीमी कालोनी निवासी बंटी को दे रखी है, जहां बंटी जूते चप्पल का व्यापार करता है। बंटी की दुकान पर काम करने वाला युवक प्रकाश उर्फ किट्टू मईड़ा निवासी बायड़ी इनके पास विगत 10 अगस्त को आया और बोला कि समय पर किश्त नही भरने के कारण कंपनी वालों ने मेरा मोबाईल लाँक कर दिया है।
मुझे आपका मोबाईल दे दो मुझे सेठ से बात करना है। पीर मोहम्मद ने प्रकाश को अपना मोबाईल दिया और दुकान पर काम करने चले गए। लगभग आधा घंटे बाद प्रकाश ने पीर मोहम्मद को मोबाईल वापस दे दिया।
इधर गत 29 सितम्बर को पीर मोहम्मद अपना इलाज कराने जावरा गए थे, जब यहां के अस्पताल का बिल भरने के लिए इन्होने अपना फोन पे चालू कर रुपए ट्रांस्फर करना चाहे तो रुपए ट्रांस्फर नही हो पाए। इसकी जानकारी पीर मोहम्मद ने अपने भाई मोहम्मद सादिक को दी तो पता चला कि इनके खाते में मात्र 1572 रुपए ही बचे है।
पीर मोहम्मद ने अपने भाई को बताया कि मैने अपना मोबाईल प्रकाश को दिया था। इसके बाद इन्होने बैंक में अपने खाते का रिकार्ड निकलवाया तो पता चला कि 10 अगस्त से लगातार इनके खाते से रुपए निकाले गए और अब तक एक लाख 4 हजार रुपए का ट्रांजेक्शन हो चुका है। इधर प्रकाश की जानकारी ली गई तो पता चला कि कुछ दिनों पहले ही वह रतलाम छोडक़र जा चुका है। पुलिस ने शिकायत पर से धारा 318 (4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
उधर ग्राम कुंडा थाना सरवन में रहने वाले कमलसिंह पिता धारजी मईड़ा के खाते से भी अज्ञात बदमाश ने 42 हजार रुपए निकाल कर सायबर ठगी की है। मजदूरी और ट्रक चलाकर अपना गुजर बसर करने वाले कमलसिंह के अनुसार गत दिवस यह गुजरात से ट्रक लेकर अपने घर आकर सोए हुए थे। सुबह 11 बजे नींद खुली तो पता चला कि रात इनका मोबाईल हेंक हो गया है। इसके बाद इन्होने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो पता चला कि खाते से 44222 रुपए गायब हो चुके है और बैंक में मात्र 0.36 पैसे ही शेष रह गए है। फरियादी के अनुसार इन्होने अपने मोबाईल में किसी तरह की लिंक का भी यूज नही किया है। पुलिस ने इस मामले में भी धारा 318 (4) का प्रकरण दर्ज किया है।

