विधवा का मंगलसूत्र भी डकार कर बैठी है, शातिर सपना ठाकुर

रतलाम
प्रापर्टी ब्रोकर सहित दर्जनभर लोगों को अपना शिकार बना चुकी मोहननगर की सपना ठाकुर उर्फ सपना टांक उर्फ आयुषी शर्मा उर्फ सोनू मिश्रा ने एक महिला को मकान के लिए लोन दिलाने के नाम पर भी करीब एक लाख रुपए कीमत का मंगलसूत्र हजम कर रखा है। आश्चर्य इस बात का भी है कि पीडि़त ने फरवरी 2026 को जनसुनवाई में शिकायत भी दर्ज कराई थी, मगर यहां भी अनसुनी हुई और बाद में सपना ने मामले को रफादफा करवा दिया।
मुखर्जी नगर में रहने वाली गीताबाई पति स्व.सुरेश चंदेल ने 17 फरवरी 2026 को जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी कि सपना ठाकुर पिता मदनलाल राठोर ने इसके साथ धोखाधड़ी की है।
शिकायत में बताया गया था कि पीडि़ता बुजुर्ग होकर एक विधवा पुत्री की माँ है। इनकी बेटी फेरी लगाकर लेडिस कपड़े बेचती है ऐसे में इसकी पहचान सपना ठाकुर से हुई थी। सपना ठाकुर में वीरियाखेड़ी इलाके में कपड़ों का कारोबार करती है।
पीडि़ता के अनुसार इनकी बेटी को सपना ठाकुर ने मकान बनाने के लिए बैंक से लोन दिलाने का विश्वास दिलाया था। इसी के चलते सपना ठाकुर ने लोन की फाईल बनाने के नाम पर 20 हजार रुपये मांगे थे। इस समय पीडि़ता के पास रुपयों का इंतजाम नही था। ऐसे में इन्होने 30 जून 2025 को एक लाख रुपए कीमती मंगलसूत्र गिरवी रखने के लिए दिया था। इस मंगलसूत्र में सोने के 40 मोती थे।
इस मंगलसूत्र को लेने के बाद सपना ठाकुर ने ना तो मकान पर लोन कराया और ना ही मंगलसूत्र पीडि़ता को लौटाया था।
जब पीडि़ता ने सपना से मंगलसूत्र वापस मांगा तो पहले तो यह टालती रही और बाद में बोली कि गिरवी रखे मंगलसूत्र का ब्याज भी देना पड़ेगा। ऐसे में पीडि़ता ने 15 सितम्बर 2025 को सपना ठाकुर के खाते में आँन लाईन 18 हजार रुपए भेजे थे। इसके बाद सपना ने बोला था कि घर आकर मंगलसूत्र ले जाना लाँकर में रखा हुआ है। इसके बाद सपना पीडि़ता और इनकी बेटी को मंगलसूत्र लौटाने के नाम पर टालती रही। गत 3 फरवरी 2026 को पीडि़ता पुन: मंगलसूत्र लेने सपना ठाकुर के घर गई तो इसने इन्हे घर से भगाते हुए धमकी दी थी कि मै तुम्हारी बेटी को मेरी दुकान के झूठे बिल बनवा कर पुलिस केस में उलझा दूगी। यहां सपना ने पीडि़ता और इनकी बेटी के साथ जातिसूचक शब्दों का भी इस्तमाल करते हुए मोहननगर के रहवासियों के सामने जलील किया था।
पीडि़ता ने जनसुनवाई में दिए आवेदन में जिला और पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए उन्हे अवगत भी कराया था कि सपना ठाकुर आदतन अपराधी है और कई लोगों को धोखा देकर करोड़ों रुपए ठग चुकी है। इस पर कार्रवाई कर मंगलसूत्र वापस दिलाया जाए।
मगर जनसुनवाई में भी इस मामले की अनसुनी हुई और पीडि़ता सपना की धमकियों से डर कर शहर छोडक़र खाचरौद जा बसी है।
