क्राइम

दुल्हा तैयार, बारात जाने का इंतजार और पता चला कि ये शादी नही हो सकती…

रतलाम
विवाह की हर तरह की तैयारियां हो चुकी थी। घर मेहमान से भरा था, भोजन पानी की तमाम व्यवस्थाए थी, दूल्हे राजा बारात ले जाने को तैयार थे, और ठीक समय मोबाईल पर सूचना आई कि यह शादी हर हाल में रोकी जाना चाहिए। महिला एवं बाल विकास का अमला दूर दराज के गांवों में हो रहे इस आयोजन को रोकने पहुचा और तमाम तरह के प्रयासों के बाद विवाह स्थगित किया गया है।
मामला बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुराखुर्द का है जहां के निवासी कालू के बेटे का विवाह बासवाड़ा स्थित छोटी सरवन से जुड़े ग्राम हजवानिया निवासी व्यक्ति की बेटी से 27 मार्च शुक्रवार होने वाला था। आज यानि गुरुवार को दूल्हे पक्ष के यहां नोतरा, मामेरा और सहभोज का आयोजन दोपहर 12 बजे से शुरु हो चुका था।
इधर बासवाड़ा जिला प्रशासन के निर्देश पर चाईल्ड हेल्प लाईन बासवाड़ा के माध्यम से सैलाना एसडीएम को सूचना आई कि उक्त स्थान पर कम आयु के बच्चों का विवाह कराया जा रहा है, इसे सख्ती से रोका जाए। एसडीएम ने यह सूचना महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बुधौलिया को दी और श्री बुधौलिया ने बाजना परियोजना अधिकारी एहतेशाम अंसारी को विवाह रुकवाने की जिम्मेदारी दी। अंसारी ने मामले की जानकारी पुलिस विभाग को देकर विवाह स्थल पर अपनी कार्रवाई शुरु की तो दूल्हा कही जाकर छिप गया। घंटों इंतजार के बाद भी जब दूल्हा और इसके अभिभावक सामने नही आए तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए माता पिता को जांच दल के सामने प्रस्तुत किया। दस्तावेज परीक्षण में दूल्हा पीयूष कटारा की जन्म आयु जिसमें दसवीं की मार्कशीट अनुसार 15/6/26 तक 17 वर्ष तस्दीक की गई।
परियोजना अधिकारी एहतेशाम अंसारी, सुपरवाइजर बीसी सुल्तान गर वाल एवं पुलिस टीम कालू सिंह जामोद, एएसआई हितेश गोठवाल पटवारी एवं क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की तमाम समझाईश के बाद भी अभिभावक दूल्हे को सामने लाने में आनाकानी करते रहे। काफी देर चर्चा और समझाईश के बाद बारात ले जाना स्थगित किया गया और दूल्हे के माता पिता ने बेटा का विवाह 21 साल के बाद ही करने की सहमति दी है।

Related Articles

Back to top button